राज्यसभा सदस्य के रूप में मल्लिकार्जुन खरगे ने ली शपथ, लगातार दूसरी बार पहुंचे उच्च सदन

29 जून : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने उन्हें अपने चैंबर में शपथ दिलाई। खरगे हाल ही में कर्नाटक से लगातार दूसरी बार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं।

शपथ ग्रहण के दौरान राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, सदन के नेता जे. पी. नड्डा, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहे।

83 वर्षीय मल्लिकार्जुन खरगे वर्तमान में राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। इससे पहले वह लोकसभा और कर्नाटक विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं। उन्होंने वर्ष 1972 में पहली बार कर्नाटक विधानसभा का चुनाव जीता था और इसके बाद लगातार नौ बार विधायक चुने गए। राज्य सरकार में उन्होंने कई महत्वपूर्ण विभागों का जिम्मा संभाला और वर्ष 1999 से 2004 तक विधानसभा में विपक्ष के नेता भी रहे।

खरगे वर्ष 2009 और 2014 में गुलबर्गा लोकसभा सीट से सांसद चुने गए। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दूसरे कार्यकाल में उन्होंने रेल मंत्री और श्रम एवं रोजगार मंत्री के रूप में कार्य किया। वर्ष 2014 से 2019 तक वह लोकसभा में कांग्रेस के नेता रहे। अक्टूबर 2022 में वह कांग्रेस के 98वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। वर्ष 2020 में पहली बार राज्यसभा पहुंचे और वर्तमान में सदन में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *