29 जून : हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ठियोग की बेटी अर्चिता बेक्टा ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। गवर्नमेंट मॉडल स्कूल सैंज की छात्रा अर्चिता का चयन अंडर-18 भारतीय वॉलीबॉल टीम में हुआ है। वह पहली से 10 जुलाई तक चीन के शांगलुओ शहर में आयोजित होने वाली आईएसएफ वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। भारतीय टीम में उनका चयन ब्लॉकर के रूप में हुआ है। वर्तमान में अर्चिता नागपुर में चल रहे भारतीय टीम के प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी कर रही हैं।
अर्चिता की सफलता संघर्ष, समर्पण और निरंतर मेहनत का परिणाम है। करीब तीन वर्ष पहले उनकी लंबाई और खेल प्रतिभा को देखते हुए वर्ल्ड एथलेटिक्स टेक्निकल ऑफिसर एवं कॉमर्स के लेक्चरर सुरेश कंवर, डीपीई सुरेश नेगी और पीईटी बृजेश वर्मा ने उन्हें वॉलीबॉल खेलने के लिए प्रेरित किया। उनके मार्गदर्शन और अर्चिता की कड़ी मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। छह फुट एक इंच लंबी अर्चिता ने अपने शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।
हाल ही में अर्चिता ने ओपन नेशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी तकनीक, बेहतरीन खेल और प्रभावशाली प्रदर्शन से प्रभावित होकर चयनकर्ताओं ने उन्हें भारतीय टीम में जगह दी। अर्चिता ठियोग के सैंज क्षेत्र से सटे शिरगुली गांव की रहने वाली हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।