27 जून : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि गत वर्ष शिमला और मनाली को देश में एकल महिला पर्यटकों के लिए सबसे सुरक्षित पर्यटन स्थलों में शामिल किया गया था, जो हिमाचल प्रदेश की आतिथ्य परंपरा और सुरक्षित वातावरण का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटन सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने के लिए कार्य कर रही है। इसी दिशा में अब महिला-केंद्रित ‘Solo Travel’ प्रोटोकॉल ‘She Travels’ शुरू किया जाएगा, जिससे महिला पर्यटकों की सुरक्षा और विश्वास को और अधिक मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य देवभूमि हिमाचल आने वाली प्रत्येक महिला पर्यटक को सुरक्षा, सम्मान और अपनत्व का अनुभव करवाना है, ताकि प्रदेश महिला यात्रियों के लिए एक भरोसेमंद पर्यटन गंतव्य के रूप में और मजबूत पहचान बना सके।