27 जून : हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर उपमंडल से एक दुखद खबर सामने आई है। बेहतर भविष्य और रोजगार की तलाश में सर्बिया गए 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम पंचायत अप्पर बैहली के समकल गांव निवासी निखिल कौशल पुत्र नंद लाल के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
परिजनों को मिली जानकारी के अनुसार निखिल स्विमिंग पूल में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि नहाते समय उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसे अत्यधिक पसीना आने लगा। इसके बाद वह दोबारा पानी में चला गया, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आया। जब उसके दोस्तों ने तलाश की तो वह पानी में अचेत अवस्था में मिला।
बताया जा रहा है कि निखिल करीब डेढ़ वर्ष पहले रोजगार के सिलसिले में सर्बिया गया था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन अचानक आई इस खबर ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक अपने पीछे माता-पिता और एक छोटे भाई को छोड़ गया है।
मौत के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है और सर्बिया की स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
वहीं, परिजनों ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने तथा निखिल के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की मांग की है, ताकि उसका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया जा सके।