बड़ा भंगाल पहुंचेंगे मुख्यमंत्री सुक्खू, आपदा प्रभावित क्षेत्रों का करेंगे दौरा, जनसभा को भी करेंगे संबोधित

25 जून : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 27 और 28 जून को कांगड़ा जिले के दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जमीनी स्तर पर निरीक्षण करेंगे और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 27 जून की सुबह शिमला से रवाना होकर गगल के रास्ते बड़ा भंगाल पहुंचेंगे। यहां पहुंचने के बाद वह आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का जायजा लेंगे। इसके अलावा वह अपर बड़ा भंगाल गांव में स्थित माइक्रो हाइडल परियोजना का भी निरीक्षण करेंगे और वहां चल रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त करेंगे।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मांगों को सुनेंगे। शाम को बड़ा भंगाल स्थित फॉरेस्ट रेस्ट हाउस के समीप आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम बड़ा भंगाल में ही रहेगा।

28 जून की सुबह मुख्यमंत्री बड़ा भंगाल से शिमला के लिए रवाना होंगे। प्रशासन के अनुसार यह दौरा मुख्य रूप से आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का आकलन करने, राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा करने तथा प्रभावित लोगों से सीधे संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगा और आवश्यकता पड़ने पर इसमें बदलाव किया जा सकता है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *