बिलासपुर में युवक की संदिग्ध मौत, घर के पास बेसुध मिला; जांच में जुटी पुलिस

25 जून: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के बल्ह चलोग गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक अपने घर के समीप अचेत अवस्था में मिला था, जिसे परिजन तुरंत इलाज के लिए एम्स बिलासपुर ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान बल्ह चलोग निवासी रामपाल पुत्र छोटू राम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रामपाल घर के पास ही बेसुध हालत में पड़ा मिला। बेटे को इस हालत में देखकर परिजन घबरा गए और उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार परिजनों ने किसी जहरीली वस्तु के सेवन की आशंका जताई है। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया।

पुलिस द्वारा किए गए प्रारंभिक निरीक्षण में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *