वीरभद्र सिंह की जयंती पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, नेताओं ने याद किए विकास के स्वर्णिम अध्याय

24 जून : पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती पर मंगलवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान और कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रिज मैदान स्थित वीरभद्र सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और प्रदेश के विकास में उनके योगदान को याद किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरभद्र सिंह कांग्रेस पार्टी के महान नेता थे, जिन्होंने छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा और आज पूरा प्रदेश उनके अमूल्य योगदान को स्मरण कर रहा है।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक केवल सिंह पठानिया, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार, विधायक हरीश जनारथा, महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा सहित कई गणमान्य लोगों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि आधुनिक हिमाचल के निर्माण में वीरभद्र सिंह का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि डॉ. वाई.एस. परमार के बाद वीरभद्र सिंह सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे और उन्होंने हमेशा पूरे प्रदेश को समान दृष्टि से देखा। उन्होंने युवाओं से वीरभद्र सिंह की विचारधारा से प्रेरणा लेकर प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सभी का संकल्प है कि वीरभद्र सिंह के दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ते हुए प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने हमेशा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश हित को प्राथमिकता दी और उनके कार्य आज भी लोगों को प्रेरित कर रहे हैं।

उधर, कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार सहित पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वीरभद्र सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि आधुनिक हिमाचल के निर्माण में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह एक ऐसे जननेता थे, जिन्होंने लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया और अपना पूरा जीवन प्रदेश की सेवा को समर्पित किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *