24 जून से सजेगा ऐतिहासिक पिपलू मेला, स्टार कलाकारों की प्रस्तुतियों से होगी रौनक

23 जून : निर्जला एकादशी के अवसर पर आयोजित होने वाला ऐतिहासिक जिला स्तरीय पिपलू मेला-2026 इस वर्ष 24 से 26 जून तक धूमधाम से मनाया जाएगा। मेले को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। भगवान नरसिंह मंदिर में लगने वाले इस मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सांस्कृतिक, खेल एवं मनोरंजक गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

उपमंडलाधिकारी (ना.) बंगाणा एवं मेला समिति के अध्यक्ष सोनू गोयल ने बताया कि मेले में विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनी, खेलकूद प्रतियोगिताएं, स्थानीय एवं उभरती प्रतिभाओं की प्रस्तुतियां तथा सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित की जाएंगी। मेले का शुभारंभ 24 जून को भगवान नरसिंह मंदिर में पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण के साथ होगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत 24 जून को लोक गायक काकू राम ठाकुर अपनी प्रस्तुति देंगे। 25 जून को गायक कुमार साहिल और सुनील मस्ती दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। वहीं 26 जून को हिमाचली गायक इंशांत भारद्वाज और मोहित गर्ग मंच संभालेंगे।

मेले के समापन दिवस 26 जून की शाम बंगाणा के भलेत में आयोजित कुटलैहड़ महोत्सव में प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू और नाटी कलाकार कुलदीप शर्मा अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।

विधायक विवेक शर्मा (विक्कू) ने कहा कि पिपलू मेला क्षेत्र की लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से बड़ी संख्या में मेले में भाग लेकर इसकी गरिमा बढ़ाने की अपील की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *