23 जून : हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। टापरी और चोलिंग के बीच उरनी ढांक के समीप राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 पर सतलुज नदी के ऊपर बना लोहे का पुल अचानक ढह गया। हादसे के समय पुल से गुजर रहा एक टिप्पर भी पुल के साथ सीधे सतलुज नदी में जा गिरा।
गनीमत रही कि टिप्पर चालक सुरक्षित बच गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। एहतियातन चालक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
पुल गिरने के कारण राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही के लिए उरनी-चोलिंग मार्ग को वैकल्पिक रूट के रूप में निर्धारित किया है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्ग का उपयोग करने और सावधानी बरतने की अपील की है।
फिलहाल पुल गिरने के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि यातायात और संपर्क बहाल करने के प्रयास जारी हैं।