बीएसएफ कमांडेंट शेखर ठाकुर का निधन, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर

22 जून : शाहपुर के प्रीतम नगर निवासी एवं सीमा सुरक्षा बल (BSF) में कमांडेंट पद पर कार्यरत शेखर ठाकुर का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से शाहपुर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि उनका उपचार अहमदाबाद के एक अस्पताल में चल रहा था, जहां उन्होंने आज सुबह अंतिम सांस ली।

59 वर्षीय शेखर ठाकुर बीएसएफ में कमांडेंट के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे और अगले वर्ष सेवानिवृत्त होने वाले थे। उनकी धर्मपत्नी शिक्षा विभाग में अंग्रेजी प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। वह हाल ही में छुट्टियों के दौरान अपने पति से मिलने गुजरात गई थीं, लेकिन उनकी अस्वस्थता के चलते वहीं रुकी हुई थीं।

शेखर ठाकुर गत माह अपने पिता, सेवानिवृत्त मुख्याध्यापक स्वर्गीय शेर सिंह ठाकुर की बरसी में शामिल होने के लिए घर आए थे। उस समय वह पूरी तरह स्वस्थ थे। उनके आकस्मिक निधन से परिवार सहित पूरे क्षेत्र को गहरा आघात पहुंचा है।

स्वर्गीय शेखर ठाकुर अपने पीछे धर्मपत्नी संग एक पुत्र और पुत्री को छोड़ गए हैं। उनके निधन की सूचना मिलते ही रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने गहरा दुःख व्यक्त किया तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

शेखर ठाकुर ने अपने सेवाकाल के दौरान देश की सुरक्षा और सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका निधन क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनका पार्थिव शरीर अहमदाबाद से अमृतसर एयरपोर्ट लाया जा रहा है।

उनके निधन पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया, हटली के नवनिर्वाचित प्रधान पवन सिंह व उपप्रधान अशोक चम्बियाल सहित क्षेत्रवासियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।

स्वर्गीय शेखर ठाकुर का अंतिम संस्कार 23 जून को हटली स्थित कोहलड़ी श्मशान घाट में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।

आवाज़ ए हिमाचल परिवार दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना करता है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *