19 जून : जिला ऊना के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह मंदिर में माथा टेककर पंजाब लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक टैम्पो गुरुवार दोपहर बसोली के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 11 श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। घायलों में एक छोटी बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार पंजाब के पटियाला जिले के नाभा क्षेत्र से श्रद्धालुओं का एक जत्था टैम्पो में सवार होकर पीरनिगाह मंदिर में दर्शन करने आया था। दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बसोली क्षेत्र में उतराई के समय चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे टैम्पो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के समय वाहन में 16 श्रद्धालु सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।