योग दिवस पर नया प्रयोग, मंडी में पहली बार होगा अंडरवाटर योग आयोजन

18 जून : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में हिमाचल प्रदेश में पहली बार अंडरवाटर योग का आयोजन होने जा रहा है। क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान, पंडोह (मंडी) की ओर से 19 जून को यह अनूठा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अधीन केंद्रीय आयुर्वेदीय विज्ञान अनुसंधान परिषद (CCRAS) के तहत संचालित संस्थान ने इस आयोजन को योग और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नई पहल बताया है।

कार्यक्रम मंडी के निकट वेट एंड वाइल्ड सतला बींस स्विमिंग पूल में सुबह 8 से 9 बजे तक आयोजित होगा। पानी के भीतर किए जाने वाले योग अभ्यास से मानसिक तनाव कम करने, शरीर का संतुलन बेहतर बनाने और लचीलापन बढ़ाने में मदद मिलती है। विशेषज्ञों के अनुसार यह तकनीक जोड़ों के दर्द से जूझ रहे लोगों के लिए भी लाभकारी हो सकती है, क्योंकि पानी में शरीर पर दबाव अपेक्षाकृत कम पड़ता है।

इस विशेष आयोजन में भाग लेने के लिए पंजीकरण निशुल्क रखा गया है। पानी से सहज महसूस करने वाले सभी आयु वर्ग के लोग इसमें हिस्सा ले सकते हैं। हालांकि स्विमिंग पूल के नियमों के अनुसार प्रतिभागियों के लिए स्विमिंग कॉस्ट्यूम पहनना अनिवार्य होगा।

आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए अनुभवी योग प्रशिक्षकों तथा आयुर्वेद चिकित्सकों की टीम मौके पर तैनात रहेगी। प्रतिभागियों को पानी के भीतर योग की विभिन्न क्रियाएं वैज्ञानिक और सुरक्षित तरीके से करवाई जाएंगी। संस्थान ने प्रदेशवासियों, युवाओं, खिलाड़ियों और योग प्रेमियों से इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *