18 जून : हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में बैंक लोन सैटलमेंट के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। शाहतलाई क्षेत्र के एक व्यक्ति से खुद को पंजाब नैशनल बैंक का रिकवरी एजेंट बताकर 1.15 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई। मामले में अदालत के निर्देश पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार झंडूता तहसील के गांव कुलज्यार निवासी तेज नाथ उर्फ तेज पाल शर्मा ने शिकायत दी है कि वर्ष 2023 में उर्वी थापा नामक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया। आरोपी ने खुद को पीएनबी का रिकवरी एजेंट बताते हुए वन टाइम सैटलमेंट के जरिए लोन निपटाने का भरोसा दिया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपी ने लोन सैटलमेंट करवाने के नाम पर अपने खाते में 1 लाख 15 हजार रुपए जमा करवाए, लेकिन बाद में न तो लोन का निपटारा हुआ और न ही राशि वापस की गई। काफी समय बाद खुद के साथ ठगी होने का अहसास होने पर पीड़ित ने अदालत का रुख किया।
न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी झंडूता के आदेश के बाद तलाई पुलिस थाना में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।