मुख्यमंत्री सुक्खू ने छुट्टी के दिन भी संभाला कामकाज, सचिवालय पहुंचकर निपटाईं फाइलें

10 नवंबर: दिवाली के अगले दिन सरकारी अवकाश होने के बावजूद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का कार्यालय राज्य सचिवालय में खुला रहा। मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास ओक ओवर में गोवर्धन पूजा करने के बाद सचिवालय पहुंचकर सरकारी कामकाज निपटाया। वह दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अपने कार्यालय में मौजूद रहे और अधिकारियों के साथ विभिन्न मामलों पर चर्चा की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने 16 से 21 नवंबर तक धर्मशाला में होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र और 13 नवंबर को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक के एजेंडे को लेकर अधिकारियों से फोन पर बातचीत की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कैबिनेट बैठक से पहले नई भर्तियों से जुड़े मामलों की भी ताजा जानकारी ली। इनमें अधिकांश भर्तियां सीबीएसई स्कूलों से संबंधित हैं। राज्य चयन आयोग के अधिकारियों को भी इन मामलों में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री चाहते हैं कि नई भर्तियों से संबंधित प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री 13 नवंबर को कैबिनेट बैठक से पहले मंडी के दौरे पर जाएंगे। वह सुबह 10 बजे अनाडेल से मंडी के लिए रवाना होंगे और 11 बजे पड्डल मैदान में एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस दौरान वह जिला पुस्तकालय मंडी का शिलान्यास भी करेंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब 1:30 बजे शिमला लौटेंगे, जिसके बाद मंत्रिमंडल की बैठक होगी।

यह कैबिनेट बैठक कई मायनों में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसके बाद 16 नवंबर से धर्मशाला में विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू होगा। ऐसे में सत्र से जुड़े विधेयकों और अन्य महत्वपूर्ण मामलों पर भी बैठक में चर्चा कर निर्णय लिए जा सकते हैं।

वहीं, 11 नवंबर को भैया दूज के अवसर पर सरकारी कर्मचारियों को अवकाश मिलने की संभावना को लेकर भी सचिवालय में चर्चा चल रही है। इससे पहले मुख्यमंत्री सुक्खू करवा चौथ पर महिलाओं के साथ पुरुषों के लिए भी अवकाश घोषित कर चुके हैं। ऐसे में भैया दूज पर भी सरकारी छुट्टी की घोषणा को लेकर कर्मचारियों में उम्मीद बनी हुई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *