17 जून : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पुलिस भर्ती परीक्षा, पेपर लीक मामलों और प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर हिमाचल सरकार पर सवाल उठाए हैं। मंडी में भाजपा की संगठनात्मक बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि युवाओं से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय सरकारों को पारदर्शी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल में हालिया पुलिस भर्ती प्रक्रिया के दौरान अनियमितताओं और नकल की शिकायतें सामने आईं, लेकिन सरकार ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में भर्ती से जुड़ा मामला सामने आने पर तुरंत सीबीआई जांच सौंपी गई थी, जबकि वर्तमान सरकार पर उन्होंने कार्रवाई में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया। जयराम ठाकुर ने कहा कि दोषियों पर सख्त कदम उठाने की बजाय उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा रही हैं।
इस दौरान उन्होंने शिमला में स्कूल संचालिका की हत्या के मामले का भी जिक्र करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में गंभीर प्रयासों की जरूरत है।
बैठक में भाजपा संगठन को मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।