17 जून : हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा विभाग में अध्यापक बनने का सुनहरा अवसर आया है। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने विभिन्न विषयों में 373 असिस्टेंट प्रोफेसरों के पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 14 जुलाई 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति जॉब ट्रेनी आधार पर की जाएगी और उन्हें 35 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा। आयोग के अनुसार इन पदों के लिए लिखित परीक्षा जुलाई 2026 के तीसरे सप्ताह में आयोजित होने की संभावना है। ऐसे में उम्मीदवारों को समय रहते आवेदन करने के साथ-साथ परीक्षा की तैयारी शुरू करने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन के अनुसार अंग्रेजी विषय में सर्वाधिक 39 पद भरे जाएंगे। इसके अलावा हिंदी के 34, भौतिक विज्ञान और गणित के 25-25, शारीरिक शिक्षा के 23, वनस्पति विज्ञान, प्राणी विज्ञान और भूगोल के 20-20, इतिहास के 19, समाजशास्त्र के 17, राजनीति विज्ञान के 16, वाणिज्य के 15, लोक प्रशासन के 14, मनोविज्ञान के 13, अर्थशास्त्र के 10, भूविज्ञान और संस्कृत के 6-6, दर्शनशास्त्र के 5, संगीत और संगीत-1 के 4-4, नृत्य के 2 तथा तबला विषय के 2 पद भरे जाएंगे।
लंबे समय बाद बड़ी संख्या में असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती शुरू होने से प्रदेश के सरकारी महाविद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर होने की उम्मीद जगी है। वहीं, शिक्षण क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह भर्ती अभियान एक बड़ी सौगात साबित हो सकता है। आवेदन से पहले अभ्यर्थियों को पात्रता, आयु सीमा, आरक्षण, आवेदन शुल्क और अन्य नियमों की जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अवश्य जांच लेने की सलाह दी गई है।