ढलियारा के बढ़ल बाजार में भीषण आग, किराना-कन्फेक्शनरी की दुकान जलकर राख, 8 लाख का नुकसान

17 जून : ढलियारा क्षेत्र के बढ़ल बाजार में मंगलवार देर रात भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई। पेट्रोल पंप के समीप स्थित एक किराना एवं कन्फेक्शनरी की दुकान में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान कुछ ही देर में जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार बढ़ल बाजार निवासी लकी राणा की दुकान में देर रात आग भड़क उठी। दुकान से धुआं और लपटें उठती देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। आगजनी में दुकान में रखा किराना और कन्फेक्शनरी का पूरा स्टॉक, आइसक्रीम व कोल्ड ड्रिंक के फ्रिज, बिजली का मीटर तथा अन्य उपकरण पूरी तरह नष्ट हो गए।

दुकानदार लकी राणा ने बताया कि इस हादसे में करीब आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि बुधवार को कुछ भुगतान किए जाने थे, जिसके चलते दुकान में करीब 45 हजार रुपये की नकदी रखी हुई थी, जो आग में जल गई। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी नष्ट हो गए। उन्होंने कहा कि इस घटना से उनकी वर्षों की मेहनत पर पानी फिर गया है और अब उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। सूचना मिलते ही देहरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं संबंधित विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

ढलियारा विद्युत उपमंडल के सहायक अभियंता मनीष संधू ने बताया कि मामले की जांच के लिए संबंधित कनिष्ठ अभियंता को निर्देश जारी कर दिए गए हैं और विभागीय टीम को मौके पर भेजा गया है। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से पीड़ित दुकानदार को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा आग लगने के कारणों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इस हादसे से क्षेत्र के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *