17 जून : मंडी जिले के सराज क्षेत्र के छतरी इलाके में बिजली विभाग के एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान पावेंद्र कुमार निवासी केलोधार गांव के रूप में हुई है। वह विद्युत विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे और ड्यूटी के चलते छतरी में किराए के कमरे में रह रहे थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। शुरुआती जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इस दुखद घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।