शिमला में निकला भव्य नगर कीर्तन, गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस को लेकर संगत में उत्साह

17 जून : राजधानी शिमला में श्री गुरु सिंह सभा शिमला की ओर से श्री गुरु अर्जन देव जी के 420वें पावन शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। 18 जून को गुरुद्वारा साहिब श्री गुरु सिंह सभा शिमला में आयोजित होने वाले शहीदी दिवस समारोह से पूर्व निकाले गए इस नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

दोपहर करीब एक बजे गुरुद्वारा साहिब से साहिब श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज की पावन हजूरी और पंज प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन आरंभ हुआ। यह नगर कीर्तन राम बाजार, लोअर बाजार और डीसी कार्यालय मार्ग से होकर गुजरा। इस दौरान पारंपरिक बैंड और हिमाचली वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों ने पूरे शहर को भक्तिमय माहौल में रंग दिया।

सीटीओ चौक पर गतका दलों ने कृपाण सखी, डंडा, तलवारबाजी, चक्कर, सोठी और अन्य पारंपरिक युद्ध कलाओं का शानदार प्रदर्शन किया। आंखों पर पट्टी बांधकर दिखाए गए करतबों ने लोगों को रोमांचित कर दिया। इसके बाद संगत पालकी साहिब के साथ लोअर बाजार होते हुए इंदिरा गांधी खेल परिसर पहुंची, जहां दीवान सजाया गया।

दीवान के दौरान रागी जत्थों, प्रचारकों और स्थानीय शब्दी जत्थों ने गुरबाणी कीर्तन और गुरमत विचारों के माध्यम से संगत को आध्यात्मिक संदेश दिया। कार्यक्रम शाम 5 बजे से 8:30 बजे तक चला। दीवान की समाप्ति के बाद पालकी साहिब हाईकोर्ट और कार्ट रोड मार्ग से पूरे सम्मान के साथ पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंची।

नगर कीर्तन मार्ग तथा इंदिरा गांधी खेल परिसर में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए छबील और लंगर सेवा का भी आयोजन किया गया। श्री गुरु सिंह सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि 17 जून को सुबह 7:10 बजे से धार्मिक कार्यक्रम आरंभ होंगे, जबकि 18 जून को श्री गुरु अर्जन देव जी का पावन शहीदी दिवस और श्री गुरु सिंह सभा शिमला का 144वां वार्षिक दीवान श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *