हत्याकांड के विरोध में सड़क पर उतरे ग्रामीण, आरोपी की दुकान खाली कराने की मांग पर चक्का जाम

17 जून : चुराह उपमंडल में वाहन चालक की हत्या के मामले को लेकर मंगलवार को कल्हेल पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों ने उपमंडल मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की दुकान खाली करवाने की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। इस दौरान दुकान के बाहर तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई, जिससे बाजार में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थिति को बिगड़ता देख किहार पुलिस थाना और क्यूआरटी टीम को मौके पर बुलाया गया। ग्रामीणों के प्रदर्शन की सूचना मिलने पर एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा और तीसा थाना प्रभारी अशोक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को शांत करने और मामले में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी देने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर डटे रहे।

ग्रामीणों का कहना था कि हत्या के आरोपी के परिवार की दुकान को तुरंत खाली करवाया जाए। इसी बीच भंजराडू पंचायत की प्रधान कृष्णा महाजन और तहसीलदार आशीष ठाकुर भी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ लंबी बातचीत के बाद ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया कि उनकी मांग पर कानूनी प्रक्रिया के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

उल्लेखनीय है कि शनिवार रात कल्हेल क्षेत्र के एक वाहन चालक की कथित तौर पर तीन लोगों ने हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया था। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कुछ ही घंटों में मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। अदालत से चार दिन का पुलिस रिमांड मिलने के बाद आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त कर लिया है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में लोगों में भारी रोष व्याप्त है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *