मां चिंतपूर्णी के चरणों में नतमस्तक हुए राज्यपाल कविंद्र गुप्ता

17 जून : हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने मंगलवार को विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी मंदिर में पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। मंदिर पहुंचने पर मंदिर प्रशासन और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

मंदिर में पुजारी सुमित कालिया और नभ कालिया ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राज्यपाल की विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। इस दौरान राज्यपाल ने विशेष पूजा कर मां चिंतपूर्णी का आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रदेश की उन्नति व खुशहाली की कामना की।

दर्शन एवं पूजा-अर्चना के बाद राज्यपाल ने मंदिर परिसर का अवलोकन भी किया तथा यहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि मां चिंतपूर्णी का पावन दरबार देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति हुई है।

राज्यपाल के दौरे को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। उनके दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मंदिर में मौजूद रहे, जिससे पूरा वातावरण माता रानी के जयकारों से भक्तिमय बना रहा।

इस अवसर पर उपायुक्त ऊना जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमथ सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *