16 जून: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता और पूर्व उपसरपंच तारेंद्र बंछोर (50) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह उनका शव सेलूद गांव स्थित एक मंदिर परिसर में चंपा के पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार तारेंद्र बंछोर भाजपा से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ता थे और उन्हें सांसद विजय बघेल का करीबी समर्थक माना जाता था। ग्रामीणों ने सुबह बाजार चौक स्थित चारबांधा तालाब के पास मंदिर परिसर में शव देखकर पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक जिस मंदिर परिसर में यह घटना हुई, उसके निर्माण में तारेंद्र बंछोर की अहम भूमिका रही थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मंदिर का निर्माण करवाया था और परिसर में चंपा का वह पेड़ भी लगवाया था, जिस पर उनका शव मिला।
जानकारी के अनुसार कुछ समय पहले उनकी तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर वे घर लौट आए थे। हालांकि उनकी मौत के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।