16 जून : हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। सोमवार को राजधानी शिमला समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 21 जून तक मौसम खराब बना रह सकता है। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने 18 और 19 जून के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 18 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 19 जून को भी चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
मौसम में आए इस बदलाव से प्रदेशभर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है। 21 जून तक प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।