15 जून : चंबा जिले के चुराह उपमंडल में एक वाहन चालक की हत्या कर उसका शव नाले में फेंकने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान हरविंद्र सिंह पुत्र ऋषि निवासी गांव राख, डाकघर कल्हेल, तहसील चुराह के रूप में हुई है। वह भंजराडू में एक कारोबारी के पास चालक के तौर पर कार्यरत था।
रविवार सुबह ग्रामीणों ने कल्हेल नाले में एक युवक का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर मृतक की तस्वीर सामने आने के बाद परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर तीसा मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन किया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शनिवार शाम हरविंद्र सिंह अपने भंजराडू स्थित क्वार्टर में मौजूद था। इसके बाद उसका शव करीब 26 किलोमीटर दूर नाले में मिला, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में मामले की गुत्थी सुलझा ली और हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल वाहन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा जाएगा।
पुलिस रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।