उत्तर भारत दिव्यांग क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष बने उद्योगपति सुमित सिंगला, खिलाड़ियों के विकास की संभालेंगे जिम्मेदारी

14 जून: बीबीएन के प्रसिद्ध फार्मा उद्योगपति एवं क्योरटेक ग्रुप के निदेशक सुमित सिंगला को उत्तर भारत दिव्यांग क्रिकेट संघ का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्हें यह जिम्मेदारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की दिव्यांग क्रिकेट समिति की ओर से आयोजित एक समारोह में सौंपी गई।

दिव्यांग क्रिकेट समिति के सदस्य एवं भारतीय दिव्यांग क्रिकेट परिषद (डीसीसीआई) के महासचिव रविकांत चौहान ने सुमित सिंगला को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस दौरान उन्हें उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में दिव्यांग क्रिकेट संगठनों के गठन, समन्वय स्थापित करने तथा उभरते हुए दिव्यांग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

रविकांत चौहान ने कहा कि सुमित सिंगला को यह दायित्व उनके नेतृत्व कौशल, सामाजिक योगदान और दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रति सकारात्मक कार्यों को देखते हुए दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में दिव्यांग क्रिकेट को नई दिशा मिलेगी और अधिक खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त होंगे।

उन्होंने बताया कि सुमित सिंगला उत्तर भारत के राज्यों में दिव्यांग क्रिकेट संगठनों को मजबूत बनाने के साथ-साथ विभिन्न सरकारी संस्थाओं, कॉर्पोरेट समूहों और खेल संगठनों के सहयोग से खिलाड़ियों के विकास के लिए भी कार्य करेंगे।

नियुक्ति पर सुमित सिंगला ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे दिव्यांग खिलाड़ियों के उत्थान, उनकी प्रतिभा को मंच दिलाने और खेलों के माध्यम से उन्हें नई पहचान दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

उनकी नियुक्ति पर विभिन्न सामाजिक, खेल एवं शैक्षणिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *