13 जून : उपमंडल सराहन की तहसील क्षेत्र के रेवशल गांव में एक लकड़ी के दोमंजिला मकान में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। आग की इस घटना में 10 कमरों का मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मकान सरोजनी पत्नी गीता लाल का था। घटना के समय परिवार के सदस्य श्री भीमाकाली मंदिर में दर्शन के लिए गए हुए थे। इसी दौरान मकान में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, होमगार्ड और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक मकान और उसमें रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
बताया जा रहा है कि आग की इस घटना में करीब 250 ग्राम सोना सहित अन्य कीमती घरेलू सामान भी नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में लगभग 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
राजस्व विभाग के अधिकारी मानिका नेगी ने बताया कि मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।