NH-103 पर इंजन ऑयल बना हादसों की वजह, कई दोपहिया वाहन फिसले

11 जून : नेशनल हाईवे-103 पर भिड़ा क्षेत्र के पास सड़क पर फैला इंजन ऑयल वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गया। सड़क के एक तीखे मोड़ पर खराब हुए एक बड़े वाहन से इंजन ऑयल रिसने के बाद मार्ग फिसलन भरा हो गया, जिससे कई दोपहिया वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोड़ पर पहुंचते ही कई बाइक और स्कूटर चालक संतुलन खो बैठे। एक बाइक पर सवार दो युवक सड़क पर गिर गए, जिनमें चालक को चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल की सहायता की और उसका हालचाल जाना।

घटना के बाद भी सड़क पर फिसलन बनी रही, जिसके कारण कई अन्य दोपहिया वाहन भी स्किड होते रहे। कुछ चालक बाल-बाल बच गए, जबकि कुछ वाहन सड़क पर गिर गए। फिसलन के कारण चारपहिया वाहनों के चालक भी वाहन नियंत्रित करने में कठिनाई महसूस करते नजर आए।

जानकारी के अनुसार, तीखे मोड़ पर एक भारी वाहन तकनीकी खराबी के कारण रुक गया था। इस दौरान उससे बड़ी मात्रा में इंजन ऑयल सड़क पर फैल गया। वाहन को ठीक कर वहां से हटा लिया गया, लेकिन सड़क पर फैला ऑयल समय रहते साफ नहीं किया गया। वाहनों की आवाजाही के चलते ऑयल करीब 40 मीटर तक फैल गया, जिससे सड़क बेहद चिकनी हो गई और हादसों का खतरा बढ़ गया।

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क पर फैले ऑयल को तुरंत साफ करने और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *