11 जून : उत्तर प्रदेश के गंगा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य सदस्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब परिवार जम्मू-कश्मीर से छुट्टियां मनाकर लखनऊ लौट रहा था।
पुलिस के अनुसार अमरोहा-संभल सीमा के पास तेज रफ्तार एसयूवी अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।
संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि दुर्घटना में वाहन चालक अबू बकर (40), उनकी भाभी हिना (28) और भतीजी जुनैरा (15) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परिवार के आठ अन्य सदस्य घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। सभी घायलों का उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि परिवार की एक अन्य कार भी आगे चल रही थी। उसमें सवार परिजनों को हादसे की जानकारी टोल प्लाजा पहुंचने के बाद मिली, जिसके बाद वे तुरंत घटनास्थल पर लौटे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।