होशियारपुर में अवैध खैर कटान पर कार्रवाई के दौरान हंगामा, वन विभाग ने फायरिंग का लगाया आरोप

11 जून : पंजाब के होशियारपुर जिले के चौहाल क्षेत्र में अवैध खैर कटान को लेकर बुधवार तड़के बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। वन विभाग ने आरोप लगाया है कि जंगल में अवैध कटान कर रहे लोगों ने कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

वन विभाग के होशियारपुर स्थित वन खंड अधिकारी अवतार सिंह के अनुसार विभागीय टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान चौहाल के समीप जंगल क्षेत्र में अवैध खैर कटान की सूचना मिलने पर टीम ने मौके पर दबिश दी। वन विभाग का दावा है कि टीम को देखकर कथित तस्कर खैर की लकड़ी से लदी एक गाड़ी छोड़कर भाग गए। आरोप है कि फरार होते समय उन्होंने वन कर्मियों की ओर फायरिंग भी की।

वन विभाग ने मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी है और घटना की जांच अब होशियारपुर पुलिस कर रही है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।

वहीं, इस घटनाक्रम के बीच गगरेट उपमंडल के संघनई गांव निवासी फतेह सिंह ने पंजाब वन विभाग के कुछ कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। फतेह सिंह का कहना है कि कुछ लोगों ने खुद को वन विभाग का कर्मचारी बताकर उसे जबरन अपने साथ ले लिया और उसके साथ मारपीट की। उन्होंने गगरेट पुलिस थाना में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

गगरेट पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों के आरोपों की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *