11 जून : उपमंडल धीरा के अंतर्गत ग्राम पंचायत मरूहूं के गांव सूरी में चार दिनों से लापता 45 वर्षीय व्यक्ति का शव घर से करीब 100 मीटर दूर एक खाई में बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव गली-सड़ी अवस्था में मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पंचायत प्रतिनिधियों और पुलिस को दी।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान देश राज (45) निवासी गांव सूरी के रूप में हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक उसे अंतिम बार शनिवार को घर के आसपास देखा गया था। इसके बाद वह अचानक लापता हो गया था। मंगलवार सुबह गांव के समीप एक खाई से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने वहां जाकर देखा तो एक शव पड़ा हुआ मिला।
मृतक के भाई राकेश कुमार ने बताया कि देश राज शराब का आदी था और अक्सर बिना बताए घर से चला जाता था। कई बार वह कई दिनों बाद स्वयं घर लौट आता था, इसलिए इस बार उसकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी।
सूचना मिलने पर पंचायत प्रधान अरुण चौधरी ने पुलिस को अवगत करवाया। इसके बाद भवारना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बीएनएसएस की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों और स्थानीय लोगों के बयान भी दर्ज किए।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि देश राज किसी कारणवश खाई में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
बुधवार को शव का पोस्टमार्टम डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में करवाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।