10 जून : नाहन शहर में बिजली व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए विश्व बैंक समर्थित परियोजना के तहत ई-हाउस सिस्टम स्थापित किया गया है। इसके शुरू होने के बाद शहरवासियों को 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा। अधिकारियों के अनुसार अगले दो माह में यह सुविधा शुरू होने की उम्मीद है।
करीब 274 करोड़ रुपये की इस योजना के तहत नाहन के अलावा पांवटा साहिब, बद्दी, नालागढ़, परवाणू और सोलन में भी विद्युत ढांचे को आधुनिक बनाया जा रहा है। इसके तहत बिजली आपूर्ति क्षमता बढ़ाने और पुरानी एचटी लाइनों को अपग्रेड करने का कार्य किया जा रहा है।
नाहन के बीडीओ कार्यालय परिसर में स्थापित ई-हाउस एक आधुनिक कंटेनर आधारित विद्युत प्रणाली है, जिसमें जीआईएस और एआईएस पैनल लगाए गए हैं। इसे कालाअंब के अंधेरी और नाहन के शक्तिनगर सब-स्टेशन से जोड़ा जाएगा। इस दिशा में कार्य तेजी से चल रहा है।
योजना के तहत शहर में नए ट्रांसफार्मर भी लगाए जाएंगे, जिससे बिजली व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। विद्युत बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक लगभग 27 किलोमीटर लंबी 33 केवी और 11 केवी लाइन को ई-हाउस से जोड़ने का काम जुलाई के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद नाहन में अधिक विश्वसनीय और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।