10 जून : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने पर उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने उत्तरी दिल्ली स्थित किशनगंज गौशाला का दौरा किया और मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
मीडिया से बातचीत में रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य किया है। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने तथा ‘विकसित भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने में प्रधानमंत्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचा है। विशेष रूप से महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और जीवन स्तर में सुधार के लिए चलाई गई योजनाओं का व्यापक प्रभाव देखने को मिला है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि देशभर के करोड़ों लोग प्रधानमंत्री मोदी के बेहतर स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपना जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित किया है और उनके नेतृत्व में देश ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं।
उल्लेखनीय है कि 10 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद पर 4,399 दिन पूरे कर लिए, जिसके साथ वे भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।