बिलासपुर में कथित धर्मांतरण के विरोध में उतरे हिंदू संगठन, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

10 जून : जिला बिलासपुर के हवाण क्षेत्र में कथित धर्मांतरण के आरोपों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले के विरोध में मंगलवार को विभिन्न हिंदू संगठनों ने जिला मुख्यालय बिलासपुर में रोष रैली निकाली और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।

शहीद स्मारक से शुरू हुई रैली उपायुक्त कार्यालय तक पहुंची, जहां संगठनों के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त राहुल कुमार और एएसपी शिव चौधरी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने क्षेत्र में कथित तौर पर धर्मांतरण गतिविधियों के संचालन पर चिंता जताई।

संगठनों का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि हवाण क्षेत्र के कुछ परिवार पहले ही धर्म परिवर्तन कर चुके हैं। साथ ही आरोप लगाया गया कि स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली गतिविधियां भी सामने आई हैं।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि हाल ही में क्षेत्र में हुए एक विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे कुछ लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

संगठनों ने ज्ञापन में एक स्थानीय पारिवारिक विवाद का भी उल्लेख करते हुए मामले की जांच की मांग उठाई। वहीं प्रशासन से क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *