10 जून: हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने चर्चित दुष्कर्म मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। आयोग ने नाबालिग पीड़िता की सुरक्षा, गोपनीयता और संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए पुलिस एवं प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
आयोग की चेयरपर्सन तृप्ति श्योराण की ओर से कुरुक्षेत्र के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक (एसपी) और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को पत्र भेजकर मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी पांच दिनों के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया है।
आयोग ने निर्देश दिए हैं कि पीड़िता की सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीयता और सम्मान से जुड़े सभी पहलुओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही पुलिस प्रशासन से सुरक्षा में तैनात कर्मियों और उपलब्ध करवाई गई सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत विवरण भी मांगा गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पीड़िता के उपचार और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं उपायुक्त को सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल मंचों पर मौजूद ऐसी सामग्री हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है, जिससे पीड़िता की प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष पहचान उजागर होने की आशंका हो।
आयोग ने मामले से संबंधित भ्रामक और संवेदनशील सामग्री के प्रसार पर भी चिंता व्यक्त की है। आयोग का कहना है कि ऐसे मामलों में गोपनीयता और संवेदनशीलता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है ताकि पीड़िता के अधिकारों और सम्मान की रक्षा की जा सके।
आयोग ने संबंधित अधिकारियों से की गई कार्रवाई की अनुपालन रिपोर्ट भी निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रस्तुत करने को कहा है।