समीरपुर में हिमाचल के छह वीर सपूतों के शौर्य को नमन, अनुराग ठाकुर ने दी बधाई

10 जून : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा वीरता पुरस्कारों से सम्मानित हिमाचल प्रदेश के छह वीर सपूतों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्क्वाड्रन लीडर अर्शदीप सिंह ठाकुर को वीर चक्र, मेजर अंशुल बाल्टू, कैप्टन योगेंद्र सिंह ठाकुर और लेफ्टिनेंट कमांडर सूरज पराशर को शौर्य चक्र, नायब सूबेदार सतीश कुमार को वीर चक्र तथा अमर बलिदानी लांस दफादार बलदेव चंद को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किए जाने पर गर्व व्यक्त किया।

अपने समीरपुर स्थित आवास पर पूर्व सैनिकों और रक्षा सेवाओं से जुड़े वरिष्ठ जनों से मुलाकात करते हुए अनुराग ठाकुर ने देश सेवा में उनके योगदान के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके अनुभव, त्याग और समर्पण से समाज तथा युवा पीढ़ी निरंतर प्रेरणा प्राप्त करती है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी कहा जाता है। छोटा राज्य होने के बावजूद देश की सुरक्षा और अखंडता में यहां के युवाओं का योगदान हमेशा अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्वारा हिमाचल के छह वीर सपूतों को वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि चार शौर्य चक्र और दो वीर चक्र से सम्मानित होने वाले इन वीर जवानों ने अपने साहस, पराक्रम और राष्ट्रसेवा से प्रदेश का नाम पूरे देश में रोशन किया है। इस उपलब्धि से हिमाचल के हर नागरिक का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है।

सांसद ने कहा कि प्रदेश के सैनिकों की गौरवशाली परंपरा हमेशा देश की सीमाओं की रक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए समर्पित रही है तथा आने वाली पीढ़ियों को भी राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *