मंडी जिले में 5673 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण वितरित, कृषि क्षेत्र को मिला सबसे बड़ा हिस्सा

10 जून : मंडी जिले में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान विभिन्न बैंकों द्वारा 5673.78 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए हैं। यह जानकारी मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय सलाहकार एवं समीक्षा समिति की बैठक में साझा की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने की।

बैठक में जिले में संचालित विभिन्न बैंकिंग योजनाओं और वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में बैंकिंग क्षेत्र की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और इसके लिए बैंकों का सहयोग सराहनीय है।

बैठक की शुरुआत में पंजाब नेशनल बैंक के मंडल मुख्य प्रबंधक अमित कुमार ने सभी अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों का स्वागत किया तथा बैंक द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

अग्रणी जिला प्रबंधक चंद्र प्रकाश ने तिमाही प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि कुल वितरित ऋण में कृषि क्षेत्र को सबसे अधिक 2218 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इसके अलावा उद्योग एवं व्यवसाय क्षेत्र में 1473.68 करोड़ रुपये, अन्य प्राथमिकता क्षेत्र में 162.84 करोड़ रुपये तथा गैर-प्राथमिकता क्षेत्र में 1819.26 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिले के सभी बैंक केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न प्रमुख योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रहे हैं। इनमें प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना सहित कई अन्य योजनाएं शामिल हैं।

बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों तथा जिले के सभी बैंकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *