मंडी में बैंक ऋण डिफॉल्ट मामले में बड़ी कार्रवाई, निर्माणाधीन होटल भवन सील

10 जून : बहुचर्चित बैंक ऋण डिफॉल्ट मामले में मंगलवार को कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक (केसीसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नलसर स्थित एक निर्माणाधीन होटल भवन को अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया। बैंक की यह कार्रवाई प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में की गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे और पूरी प्रक्रिया कई घंटों तक चली।

जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय कारोबारी ने बैंक से बड़ा ऋण लिया था, जिसका भुगतान लंबे समय से नहीं किया जा रहा था। बैंक द्वारा कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद ऋण राशि जमा नहीं करवाई गई। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने नियमानुसार संपत्ति को कुर्क कर अपने कब्जे में लेने का निर्णय लिया।

कार्रवाई के दौरान संबंधित कारोबारी ने बैंक की कार्यप्रणाली और संपत्ति के मूल्यांकन पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में होटल भवन का निरीक्षण किया गया और भवन के भीतर मौजूद सामान का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार किया गया।

तहसीलदार बल्ह सुभाष ठाकुर के नेतृत्व में क्षेत्रीय कानूनगो रोशन लाल और स्थानीय पटवारी भी मौके पर मौजूद रहे। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बैंक ने संपत्ति के चारों ओर बाड़बंदी कर उसे कानूनी रूप से सील कर दिया। साथ ही भवन के मुख्य द्वार पर बैंक के स्वामित्व और कब्जे संबंधी आधिकारिक नोटिस भी चस्पा कर दिया गया।

इस दौरान बैंक के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल के जवान मौके पर तैनात रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *