टांडा मेडिकल कॉलेज की प्रशिक्षु छात्रा के कमरे से शराब और सिगरेट बरामद, जांच शुरू

10 जून : डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान एवं चिकित्सा महाविद्यालय (टांडा मेडिकल कॉलेज) में इंटर्नशिप कर रही एक प्रशिक्षु एमबीबीएस छात्रा के कमरे से शराब की बोतलें और सिगरेट के पैकेट बरामद होने का मामला सामने आया है। छात्रा मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में रह रही थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने पुलिस और छात्रा के परिजनों को सूचित कर दिया है।

टांडा मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मिलाप शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षु छात्रा के कमरे से प्रतिबंधित सामग्री बरामद हुई है। मामले की जांच की जा रही है और कॉलेज की अनुशासनात्मक समिति जल्द ही इस संबंध में निर्णय लेगी। यदि छात्रा नियमों के उल्लंघन की दोषी पाई जाती है, तो उस पर 50 हजार से दो लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा उसे एक वर्ष के लिए कॉलेज और छात्रावास से निष्कासित किया जा सकता है।

प्रधानाचार्य ने कहा कि कॉलेज परिसर में नशीले पदार्थों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई छात्र या प्रशिक्षु चिट्टा जैसे मादक पदार्थों के सेवन या तस्करी में संलिप्त पाया जाता है, तो उसे स्थायी रूप से कॉलेज से निष्कासित कर दिया जाएगा।

गौरतलब है कि टांडा मेडिकल कॉलेज को तंबाकू-मुक्त क्षेत्र घोषित किया गया है और परिसर में बीड़ी, सिगरेट, शराब तथा अन्य मादक पदार्थों का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद छात्रावास में इस तरह की सामग्री मिलने से प्रशासन सतर्क हो गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *