नशे के खिलाफ पंचायत समिति सदस्यों का संकल्प, नगरोटा-बड़ोह में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित

9 जून : नगरोटा बगवां और विकास खंड बड़ोह के नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों के लिए सोमवार को संयुक्त कार्यालय भवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। स्थानीय एसडीएम मुनीश शर्मा ने सभी जनप्रतिनिधियों को संविधान के तहत निष्पक्षता और बिना किसी भेदभाव के कार्य करने की शपथ दिलाई। उन्होंने पहली बार गठित बड़ोह पंचायत समिति के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं भी दीं।

समारोह की विशेष बात यह रही कि सभी निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से नशे की समस्या को जड़ से समाप्त करने का सामूहिक संकल्प लिया। एसडीएम मुनीश शर्मा की अपील पर सभी प्रतिनिधियों ने नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने और इसे अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करने की शपथ ली।

कार्यक्रम के दौरान समिति सदस्यों ने पंचायत घरों में प्रधानों की तर्ज पर अपने लिए भी अलग कुर्सी और टेबल की व्यवस्था की मांग उठाई, ताकि वे निर्धारित स्थान पर बैठकर लोगों की समस्याएं सुन सकें। एसडीएम ने इस मांग को उचित ठहराते हुए पंचायत निरीक्षकों और खंड अधिकारियों को बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नेम प्लेट लगाने के निर्देश दिए, जिसका सदस्यों ने स्वागत किया।

सोमवार को आयोजित समारोह में विकास खंड नगरोटा और बड़ोह के कुल 30 पंचायत समिति सदस्यों ने शपथ ग्रहण की और विधिवत पंचायती राज व्यवस्था का हिस्सा बने।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *