9 जून: राजधानी शिमला में समर फेस्टिवल के आगाज के साथ ही एचआरटीसी ने लोगों और पर्यटकों की सुविधा के लिए विशेष परिवहन सेवाएं शुरू कर दी हैं। सांस्कृतिक संध्याओं का आनंद लेने के बाद लोगों को घर पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए निगम ने अतिरिक्त बसें, टैक्सियां और टेंपो सेवाएं संचालित करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था सोमवार से लागू हो गई है और 12 जून तक जारी रहेगी।
एचआरटीसी की स्थानीय इकाई शिमला-12 के अनुसार 8 जून से 11 जून तक सुबह छह बजे से रात 10:30 बजे तक विशेष परिवहन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। वहीं समर फेस्टिवल के अंतिम दिन 12 जून को यह सुविधा रात 12:30 बजे तक जारी रहेगी। ये सेवाएं नियमित बसों के अतिरिक्त संचालित की जाएंगी, जिससे यात्रियों को शहर के विभिन्न हिस्सों से रिज और मॉल रोड तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
यातायात दबाव को देखते हुए टैक्सी सेवाओं को भी मांग के अनुसार संचालित किया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर तैनात निरीक्षण स्टाफ यात्रियों की संख्या का आकलन करेगा और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त वाहन उपलब्ध करवाए जाएंगे। प्रशासन और एचआरटीसी को उम्मीद है कि इन विशेष व्यवस्थाओं से समर फेस्टिवल के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी।
निगम ने पुराने बस अड्डे से छोटा शिमला, संजौली, लक्कड़ बाजार, आईएसबीटी, टुटू और मेहली जैसे प्रमुख रूटों पर 10 अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा लक्कड़ बाजार-आईजीएमसी-संजौली तथा सीटीओ-सम्मरहिल और सीटीओ-टुटू-हिरानगर मार्गों पर विशेष टेंपो सेवाएं भी संचालित की जाएंगी।
परिवहन व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए एचआरटीसी ने अधिकारियों और निरीक्षकों की विशेष ड्यूटी लगाई है। संजौली चौक, लक्कड़ बाजार, खलीनी, छोटा शिमला, विकासनगर, पुराना बस अड्डा, एमएलए क्रॉसिंग और सीटीओ सहित 10 चिन्हित स्थानों पर कर्मी तैनात रहेंगे, जो यात्रियों की सुविधा और यातायात प्रबंधन पर नजर रखेंगे।