देहरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 279 ग्राम चरस के साथ युवक गिरफ्तार

9 जून: हिमाचल प्रदेश में चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त हिमाचल अभियान’ के तहत देहरा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 279 ग्राम चरस बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि देहरा थाना की टीम नियमित गश्त और जांच के दौरान तलाई कुरु क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक युवक को रोका गया। कानूनी प्रक्रिया के तहत तलाशी लेने पर उसके पास से 279 ग्राम चरस बरामद हुई।

आरोपी की पहचान निखिल शर्मा (23) पुत्र रवींद्र नाथ, निवासी गांव कलवानी, डाकघर बाहनवी, तहसील भोरंज, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ देहरा थाना में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।

पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिला पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के दुरुपयोग के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *