भूकंप प्रभावित क्षेत्रों का विधायक केवल सिंह पठानिया ने किया दौरा, प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा

8 जून: हाल ही में आए भूकंप से प्रभावित शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के गांवों का विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ भौंठु, रावा, खड़ी बही, करेरी और नौरा गांवों में जाकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की तथा नुकसान का जायजा लिया।

दौरे के दौरान विधायक ने प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और राहत कार्यों में हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

गौरतलब है कि 5 जून की रात आए भूकंप से शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लगभग 50 से 60 परिवार प्रभावित हुए हैं। भूकंप के कारण कई कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा है, जिससे प्रभावित परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

केवल सिंह पठानिया ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित मकानों का शीघ्र सर्वेक्षण कर नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाए और रिपोर्ट जल्द सरकार को भेजी जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर राहत और उचित मुआवजा मिल सके।

उन्होंने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रत्येक नागरिक उनके परिवार का हिस्सा है और वे स्वयं प्रभावित लोगों के साथ खड़े रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहेंगे। साथ ही अधिकारियों को पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक सेवाओं की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अमित डोगरा, डीएफओ अमित शर्मा, तहसीलदार शाहपुर दीक्षांत ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता नीरज गर्ग, सलाहकार विनय, कानूनगो देवेंद्र, पंचायत प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *