आईएमए धर्मशाला की विशेष रविवार ओपीडी शुरू, पहले दिन 45 मरीजों ने लिया लाभ

8 जून: समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों एवं बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आईएमए धर्मशाला ने आईएमए भवन में विशेष रविवार ओपीडी सेवा शुरू की है। यह ओपीडी प्रत्येक रविवार सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित की जाएगी, जहां लोगों को विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

रविवार को आयोजित पहली ओपीडी में करीब 45 मरीजों ने स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय सलाह का लाभ उठाया। इस दौरान लोगों को बीमारियों की रोकथाम, समय पर जांच और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।

विशेष ओपीडी में ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सी.एस. राठौर, पीडियाट्रिक एंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉ. अतुल गुप्ता, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित गुप्ता, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. कविता ठाकुर तथा ऑर्थोपेडिक्स विशेषज्ञ डॉ. राजीव कपिला ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने बच्चों में हार्मोन और थायरॉयड संबंधी समस्याओं, महिलाओं के स्वास्थ्य, कान-नाक-गला रोगों, हड्डी एवं जोड़ों की बीमारियों, मधुमेह, उच्च रक्तचाप तथा जीवनशैली से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक किया।

आईएमए धर्मशाला ने क्षेत्र के लोगों से इस सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि परिवार के बुजुर्गों, बच्चों और अन्य जरूरतमंद सदस्यों को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। संस्था का मानना है कि स्वस्थ बचपन, सुरक्षित बुजुर्ग और जागरूक समाज के निर्माण में ऐसी पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

आईएमए धर्मशाला और उसके चिकित्सकों की यह पहल सामाजिक सरोकार और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *