20 दिन बाद चौहड़ा जलाशय में मिला लापता युवक का शव, इलाके में शोक की लहर

8 जून: जिले के चौहड़ा जलाशय से 20 दिनों से लापता एक व्यक्ति का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को जलाशय से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान ग्राम पंचायत कुपाहड़ा के ओहली गांव निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनोज कुमार 19 मई को घर से निकला था और इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की थी। जांच के दौरान वह चंबा बाजार के सीसीटीवी कैमरों में भी दिखाई दिया था, लेकिन उसके बाद उसका कोई पता नहीं चल पाया।

रविवार को चौहड़ा जलाशय के चकलू क्षेत्र के पास एक राहगीर ने पानी में शव तैरता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मनोज कुमार के रूप में की।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को मेडिकल कॉलेज चंबा के शवगृह में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

मृतक के पिता इंद्र सिंह के अनुसार मनोज कुमार घोड़े चराने का कार्य करता था और एक चिकन शॉप पर भी काम करता था। बेटे के निधन की खबर से परिवार गहरे सदमे में है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *