8 plump- कांगड़ा जिले की ग्राम पंचायत जिया में रविवार को हुए भीषण अग्निकांड में तीन परिवारों के मकान और घरेलू सामान जलकर राख हो गए। आग की इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है, जबकि प्रभावित परिवारों के सामने आवास का संकट खड़ा हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग लगते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और अग्निशमन विभाग की टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घरों में रखा फर्नीचर, घरेलू सामान और अन्य आवश्यक वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो चुकी थीं।
इस अग्निकांड से रमेश चंद, राजो राम और बबलू के परिवार सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल और जिला परिषद सदस्य नवी ठाकुर मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की।
विधायक आशीष बुटेल ने कहा कि प्रशासन और सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं तथा उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नुकसान का आकलन कर आवश्यक राहत प्रदान करने के निर्देश भी दिए।
उधर, कांगड़ा क्षेत्र में गणेश घाटी सुरंग के समीप जंगल में आग लगने की एक अलग घटना भी सामने आई है, जिससे वन संपदा को नुकसान पहुंचने की सूचना है। हालांकि अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस संबंध में विभाग को कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई
थी।