पालमपुर में जहरीले पदार्थ के सेवन से युवक की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

8 जून : कांगड़ा जिले के पालमपुर थाना क्षेत्र में एक 31 वर्षीय युवक की जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहा था। बताया जा रहा है कि 23 मई को उसने अनजाने में किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले गए।

युवक की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर यह मामला जहरीले पदार्थ के आकस्मिक सेवन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। अधिकारियों ने कहा कि सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *