हरोली अस्पताल विस्तार को मिली रफ्तार, 50 अतिरिक्त बिस्तरों के भवन निर्माण के लिए 8.42 करोड़ मंजूर

8 जून : हरोली विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को और सशक्त बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सिविल अस्पताल हरोली में 50 अतिरिक्त बिस्तरों वाले नए भवन के निर्माण के लिए 8 करोड़ 42 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे अस्पताल के विस्तार कार्य को गति मिलेगी और क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

गौरतलब है कि सिविल अस्पताल हरोली को पहले ही 50 से बढ़ाकर 100 बिस्तरों वाला अस्पताल बनाया जा चुका है। अब बढ़ी हुई क्षमता के अनुरूप आवश्यक आधारभूत ढांचे के विकास के लिए अतिरिक्त भवन का निर्माण किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार प्रयासरत है। लोगों को उनके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से हरोली क्षेत्र में स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार और आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं के साथ कई आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया गया है। अस्पताल में एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूत बनाया गया है, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिल रही हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नए भवन के निर्माण से अस्पताल की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे मरीजों को अधिक सुविधाजनक, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ लंबे समय तक स्थानीय लोगों के लिए लाभकारी साबित होगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *