मंडी में दर्दनाक सड़क हादसा: ड्यूटी पर जा रहे वाटरगार्ड की कार गहरी खाई में गिरी, हालत गंभीर

7 जून : जिले के सराज क्षेत्र में रविवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा पेश आया। खुनागी-सुराह मार्ग पर एक आल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति जलशक्ति विभाग में वाटरगार्ड के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा चंदू नाला के समीप हुआ। घायल की पहचान रूप सिंह पुत्र जसवंत सिंह निवासी गांव सुराह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रविवार सुबह अपनी ड्यूटी के लिए कार में रवाना हुए थे। इसी दौरान चंदू नाला के पास वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और गहरी खाई में जा गिरा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के दौरान कार कई बार पलटी खाती हुई नीचे गिरी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को खाई से बाहर निकाला।

घायल को तुरंत नागरिक अस्पताल बगस्याड़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक रेफर कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *