7 जून : ऊना जिले के अंब उपमंडल के कलरूही क्षेत्र में शनिवार को हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा एक ऑल्टो कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजपुरा जंसवा निवासी दिनेश कुमार बाइक पर सवार होकर मुबारिकपुर से अंब की ओर जा रहा था। इसी दौरान कलरूही पुल के पास सामने से आ रही एक ऑल्टो कार से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार को भी नुकसान पहुंचा।
हादसे में गंभीर रूप से घायल दिनेश कुमार को स्थानीय लोगों की सहायता से तुरंत सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।