7 जून: बिलासपुर के लुहणू क्षेत्र में शनिवार शाम एक युवक सतलुज नदी के किनारे दलदल में फंस गया। समय रहते सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार कोसरियां निवासी 43 वर्षीय लोकेश कुमार मछलियों को आटा डालने के लिए लुहणू मैदान के पास नदी किनारे गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह दलदली क्षेत्र में फंस गया। युवक को संकट में देखकर पास मौजूद एक व्यक्ति ने तुरंत शोर मचाकर मदद जुटाई और संबंधित विभागों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने काफी प्रयासों के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद उसे आवश्यक सहायता प्रदान की गई।
प्रशासन ने लोगों से नदी और जलाशयों के आसपास विशेष सावधानी बरतने तथा जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।